CJP के बाद E20 जनता पार्टी का संसद मार्च का ऐलान, नितिन गडकरी के इस्तीफे की मांग
नई दिल्ली: CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के आंदोलन के बाद अब E20 जनता पार्टी भी पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण के मुद्दे को लेकर सक्रिय हो गई है। E20 ईंधन के खिलाफ आवाज उठा रही इस पार्टी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari के इस्तीफे की मांग उठाई है।
E20 जनता पार्टी का कहना है कि वाहन चालकों को अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार ईंधन चुनने का विकल्प मिलना चाहिए। पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर कई प्रमुख मांगें सामने रखी हैं।
E20 जनता पार्टी की प्रमुख मांगें
-
देश में शुद्ध पेट्रोल यानी E0 की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
-
उपभोक्ताओं को E0, E20 और E85 जैसे अलग-अलग ईंधन विकल्पों में से अपनी पसंद का ईंधन चुनने की स्वतंत्रता दी जाए।
-
पेट्रोल की कीमतों को घटाकर 80 से 90 रुपये प्रति लीटर के स्तर तक लाने की दिशा में कदम उठाए जाएं।
-
पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण से जुड़े उपभोक्ताओं की चिंताओं पर सरकार स्पष्ट नीति और जवाब दे।
पार्टी की ओर से दावा किया गया है कि E20 जनता पार्टी और दिल्ली टैक्सी-ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन 4 अगस्त को दिल्ली के जंतर मंतर से संसद की ओर मार्च निकालेंगे। इसके अलावा देश के अन्य हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाने की बात कही गई है।
सोशल मीडिया पर भी E20 जनता पार्टी की गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। पार्टी के अनुसार, उसके एक्स अकाउंट पर करीब 48 हजार और इंस्टाग्राम पर 1.77 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। CJP के आंदोलन के बाद अब E20 जनता पार्टी भी ईंधन और आम उपभोक्ताओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरने की तैयारी में है।










